मुकेश शर्मा (संवाददाता) ब्यावर/अजमेर—प्रदेश में लगातार बढ़ रही गैंगरेप की घटनाओं को लेकर भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के पदाधिकारियों ने आक्रोश जताया है। भारतीय जनता युवा मोर्चा के पदाधिकारियों तथा कार्यकर्ताओं ने राज्यपाल के नाम उपखंड अधिकारी को एक ज्ञापन दिया। एसडीएम जेएस संधू के नाम दिए गए ज्ञापन में मोर्चा के पदाधिकारियों ने प्रदेश के अलवर सहित अन्य जिलों में प्रतिदिन हो रही सामूहिक दुष्कर्म की घटनाओं पर आक्रोश जताते हुए बताया कि वर्तमान में प्रदेश में कानून व्यवस्था पूर्ण रूप से चौपट हो चुकी है।
अपराधियों के मन में पुलिस तथा कानून का कतई खौफ नहीं है जिसके चलते प्रदेश में आए दिन कोई ना कोई दुष्कर्म की घटनाएं घटित हो रही है जिसके चलते महिलाएं घरों से निकलने में भी डर रही है। ज्ञापन में प्रदेश की कांग्रेस सरकार को इस प्रकार की घटनाओं को रोकने में नाकाम बताया है। मोर्चा पदाधिकारियों ने इस प्रकार की घटनाओं को रोकने के लिए पुलिस व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने की मांग की है। साथ ही ब्यावर शहर में भी अलग से महिला थाना बनाने की मांग की है।
ज्ञापन देने वालों में मां आशापुरा माता युवा मोर्चा के अध्यक्ष विरेन्द्रसिंह रावत, हरीश सामरिया, करण सोलीवाल, विष्णु सिंहल, मनीष कुमार मेहता, प्रदीप प्रजापति तथा रवि टांक आदि शादि शामिल थे।
Comments
Post a Comment