राजस्थान बजट सत्र पर गुरुवार को गहलोत सरकार ने सदन में जवाब दिया। राजस्थान विधानसभा में बजट बहस पर जवाब देते हुए मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भाजपा पर निशाना साधा। सीएम गहलोत ने गुलाब चंद कटारिया के बयान पर कहा कि बजट पर आपको अपनी बात कहनी चाहिए थी। आपको सुझाव देना चाहिए था, लेकिन आपने आंकड़ों का जाल फैलाया। हमें आंकड़ों पर नहीं कर्मियों पर चर्चा करनी चाहिए।
नेता प्रतिपक्ष गुलाब चंद कटारिया ने कहा था कि प्रदेश सरकार कर्ज में डूबी है। सरकार ओवर ड्राफ्ट में चल रही है। ऐसे में बजट कहां से और कैसे आएगा। कटारिया के बयान पर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने जवाब दिया।
सीएम गहलोत ने कहा कि सरकार ने हर क्षेत्र में लोगों के लिए काम किया है, लेकिन बीजेपी जनता को गुमराह करने में जुटी हुई है। बजट बहस पर सदन को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री गहलोत ने कहा कि समुद्र मंथन के बाद बजट पेश किया गया है। बीजेपी को इसकी चिंता करने की जरूरत नहीं है। सरकार सबकी चिंता कर रही है। राज्य सरकार ने एक बार भी ओवर ड्राफ्ट नहीं लिया।
तो वहीं सीएम गहलोत ने सतीश पूनिया के काली महिला के श्रृंगार वाले बयान पर भी निशाना साधा। आमेर से आने वाले हमारे साथी को कहने के लिए कुछ नहीं था तो काली वधू पर बयान दे दिया। सीएम ने केंद्र पर राज्यों को पैसे नहीं देने का आरोप लगाया। केंद्र से हमारे हिस्से का 35 फीसदी पैसा नहीं मिल रहा है।
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि कोरोना की तीसरी लहर खत्म हो रही है। धीरे-धीरे जिंदगी पटरी पर लौट रही है। हम इकनोमी को 15 लाख करोड़ रुपए तक ले जाएंगे। सीएम गहलोत ने राहुल गांधी का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने जो वादे किए थे वह सब निभाए हैं।
Comments
Post a Comment